नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप के बाद फंसे कश्मीर के 36 लोग मंगलवार को विमान से श्रीनगर पहुंचे। इन्हें पहले काठमांडू से नई दिल्ली लाया गया था। इनमें से तीन लोग घायल थे जिन्हें श्रीनगर के पुलिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
भूकंप के बाद राज्य पुलिस द्वारा कश्मीर के पुलिस कंट्रोल में विशेष हेल्प लाइन स्थापित की गई थी जो लगातार दिल्ली में स्थापित एमईए और काठमांडू में स्थापित कंट्रोल रूम के साथ संपर्क में था। रेजीडेंट कमिश्नर दिल्ली, एमईए और भारतीय वायु सेना के साझे प्रयास से 36 कश्मीरी लोगों को विशेष विमान से काठमांडू से नई दिल्ली लाया गया।
यहां से उन्हें राज्य सरकार द्वारा श्रीनगर आने के लिए मुफ्त हवाई टिकट प्रदान करवाई गई। घायलों का हाल पूछने के लिए कश्मीर रेंज के आईजीपी एसजेएम गिलानी पुलिस अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को उन्हें हर प्रकार की सुविधा प्रदान करवाने के निर्देश भी दिए।