उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने रियासत में पन बिजली परियोजनाओं में तेजी से काम पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को जारी करते हुए पन बिजली क्षमता को हासिल करने पर जोर दिया है।
सचिवालय में मंगलवार को जम्मू कश्मीर स्टेट पावर डेवलपमेंट कारपोरेशन के अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक में उपमुख्यमंत्री ने विभागीय कामकाज की समीक्षा करते हुए कहा कि रियासत में अपार पन बिजली क्षमता को जल्द हासिल करने की दिशा में काम किये जाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय बिजली राज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ मुलाकात कर उन्होंने रियासत में बिजली परिदृश्य पर चर्चा की है। केंद्रीय मंत्री ने हालात में सुधार लाने के लिए पूरे सहयोग का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि बगलिहार परियोजना बेहतर तरीके से चल रही है। लेकिन जरूरत ऐसी कई अन्य परियोजनाओं की है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और उत्तरांचल की तर्ज पर रियासत में बिजली के क्षेत्र में प्राइवेट कंपनियों को आकर्षित करने के माहौल की जरूरत भी है। उन्होंने कहा कि रियासत के लिए कोल ब्लाक का आवंटन हो रहा है। रियासत में थर्मल प्लांट पर काम जल्द शुरू हो सकेगा। उन्होंने सौर उर्जा पर भी काम तेजी से शुरू करने की जरूरत बताई।