bjp national executive meeting
- फोटो : फाइल
जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना समेत रियासत से पार्टी के सांसद, पूर्व विधायक, एमएलसी सहित करीब 300 नेता 11 जनवरी से नई दिल्ली में शुरू होने जा रही पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और राष्ट्रीय स्तर के सभी नेता लोकसभा चुनाव को लेकर देश भर के पार्टी नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। साथ ही प्रदेश स्तर पर हो रही तैयारियों की जानकारी भी ली जाएगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार जम्मू-कश्मीर में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव हों या नहीं, इस मामले पर प्रदेश नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के साथ चर्चा भी करेगा।
रियासत में भाजपा के तीन लोकसभा सांसद हैं। इनमें से लद्दाख के सांसद थुप्स्टान छिवांग के बैठक में हिस्सा लेने के आसार कम ही हैं। वह दिसंबर 2018 में पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे चुके हैं। हालांकि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। इसके अलावा लद्दाख में उनके कुछ और समर्थक भाजपा नेताओं के भी बैठक से दूरी बनाए रखने के आसार हैं।
वहीं, जम्मू कश्मीर के दो भाजपा नेता, जिसमें काउंसलर संजय बड़ू और प्रदेश मीडिया सचिव डा. प्रदीप महोत्रा बुधवार शाम को ही नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। पार्टी नेताओं के अनुसार वीरवार को करीब तीन सौ नेता नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
भाजपा जम्मू-कश्मीर के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने बताया कि नई दिल्ली में 11, 12 जनवरी को होने जा रही राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक में जम्मू कश्मीर में सभी क्षेत्रों से करीब तीन सौ पार्टी नेता हिस्सा लेंगे। परिषद की बैठक के अलावा राष्ट्रीय नेताओं से रियासत के सियासी हालात व जम्मू कश्मीर में लोकसभा के साथ साथ विधानसभा चुनाव पर चर्चा होने की उम्मीद है।