- जेडीए और नगर निगम एक-दूसरे पर थोप रहे जिम्मेदारी,
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नरवाल बस स्टैंड की सफाई का काम दो विभागों में उलझ कर रह गई है। कचरा ठिकाने लगाने को लेकर नगर निगम के अधिकारियों का तर्क है कि ट्रांसपोर्ट नगर और वेयरहाउस की सफाई स्वयं जेडीए करवा रहा है। इस कारण बस स्टैंड में सफाई नहीं हो रही है। अगर सफाई करवानी है तो जेडीए को फंड जारी करना होगा, जेडीए सहायता ले सकता है। वहीं, जेडीए के अधिकारियों का कहना है कि अभी बस स्टैंड का मरम्मत कार्य चल रहा है। वैसे तो सफाई का काम नगर निगम को ही देखना चाहिए। सफाई नहीं हो रही है तो सफाई करवा दी जाएगी।
अब हालत यह है कि लंबे समय से बस स्टैंड में सफाई नहीं हुई है। बस स्टैंड में गंदगी ही गंदगी बिखरी हुई है तो कई जगहों पर कचरे के ढेर लगे हुए है। इससे बस चालक और यात्री परेशान हो रहे हैं। यहां पर अंतराज्यीय बसों के अलावा वाल्वो और डिलेक्स बसें पार्क होती हैं। बस स्टैंड में एक साथ सौ से ज्यादा बसें पार्क होने की क्षमता है। मौजूदा समय बसों से आन वाले यात्री कचरे में ही उतर रहे हैं और सामान भी कचरे में रख रहे हैं। यहां बसें पार्क करने वाले चालकों के अनुसार सफाई कर्मचारी न तो सुबह आते और न ही शाम को। ट्रांसपोर्ट नगर में सुबह और शाम सफाई होती है। इसी तर्ज पर यहां से भी कचरा उठना चाहिए। पांच महीने से से यहां कचरा बिखरा पड़ा है। बसें पार्क होने और बसों की सफाई होने के कारण भी कचरा हर रोज बस स्टैंड में ही फेंका जा रहा है। प्रतिदिन सफाई होने से चालकों और यात्रियों को राहत मिलेगी।
कोट
समस्या ध्यान में आई है। बस स्टैंड में सफाई करवा दी जाएगी। बस स्टैंड का मरम्मत कार्य चल रहा है।
- भवानी रकवाल, वाइस चेयरमैन, जेडीए
कोट
ट्रांसपोर्ट नगर और वेयरहाउस की सफाई जेडीए करवाता है। सफाई नहीं हो रही है तो फंड का भुगतान करे। सफाई नगर निगम कर देगा।
- विनोद शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम
-