केके हक्कू स्टेडियम में संत गुरु बख्श सिंह मेमोरियल हाकी प्रतियोगिता के फाइनल में जेके पुलिस को 2-1 के अंतर से हराकर नामधारी क्लब टीम ने खिताब पर कब्जा जमा लिया। दूसरे हाफ में नामधारी क्लब की ओर से आक्रामक खेल दिखाया गया। 50वें मिनट में गगनदीप सिंह ने पहला गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी।
इसके पांच मिनट बाद ही नामधारी क्लब की ओर से बिशन सिंह ने 55वें मिनट में एक और गोल कर टीम को 2-0 से निर्णायक बढ़त दिला दी। जम्मू कश्मीर पुलिस सेंट्रल हाकी टीम ने भरसक प्रयास किया कि गोल के अंतर को कम किया जाए। पुलिस की टीम को जसप्रीत सिंह ने एक गोल कर 2-1 पर ला दिया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
पुरस्कार वितरण समारोह में खेल मंत्री रमण भल्ला मुख्य अतिथि थे। उन्होंने विजेता टीम को ट्राफी के अलावा 31000 रुपये के नकद पुरस्कार और व्यक्तिगत पुरस्कार भी खिलाड़ियों में प्रदान किए। उप विजेता जम्मू कश्मीर पुलिस टीम को 21000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।