फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: नगरोटा में बस और कार में टक्कर, कश्मीर व लद्दाख घूमकर हरियाणा लौट रहे तीन दोस्तों की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
जम्मू। लद्दाख और कश्मीर घूमकर हरियाणा लौट रहे पांच दोस्तों की कार शनिवार देर रात नगरोटा में आईआईएम जगती के पास बस से टकरा गई। बल्लभगढ़ के सिकंदर सैफी, शक्ति और मोहित वर्मा की मौत हो गई। दो साथी गंभीर रूप से घायल हैं। पांचों दोस्त पांच दिन घूमने के बाद घर जा रहे थे।
विज्ञापन


नगरोटा पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 1:08 बजे हुआ। जम्मू से उधमपुर जा रही बस और कटड़ा से जम्मू आ रही करेटा कार में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार उछलकर सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गई। इससे कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार सिकंदर और शक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू पहुंचाया गया। उपचार के दौरान मोहित वर्मा ने भी दम तोड़ दिया। घायल दीपक वर्मा और कुलदीप शर्मा का इलाज चल रहा है। घटना के समय बस में कोई भी यात्री नहीं था। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर फरार हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।





सड़क निर्माण के कारण चल रही थी एक लेन

हादसे की जगह पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा था जिसके चलते यातायात को एक ही लेन से गुजारा जा रहा था। लोगों का कहना है कि अंधेरा, तेज रफ्तार और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था भी हादसे की बड़ी वजह हो सकती है।
विज्ञापन




-

सीएम ने बेहतर उपचार देने के दिए निर्देश



मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नगरोटा हादसे पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही जीएमसी में भर्ती घायलों को बेहतर उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं एलजी मनोज सिन्हा ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। ईश्वर से प्रार्थना की कि घायल जल्द पूरी तरह स्वस्थ हों। जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

मर्चेंट नेवी कर्मी की आज थी दुबई वापसी की फ्लाइट
फरीदाबाद। सड़क हादसे में सिकंदर सैफी और शक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि गंभीर घायल मोहित वर्मा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दीपक वर्मा और कुलदीप शर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है। शक्ति दुबई में मर्चेंट नेवी में कार्यरत थे और सोमवार को दुबई वापसी की फ्लाइट थी। छुट्टियां बिताने के बाद वह ड्यूटी पर जाने वाले थे लेकिन उससे पहले ही उनकी जिंदगी छीन गई। सिकंदर सैफी कार मैकेनिक थे और पीछे पत्नी व दो बेटों को छोड़ गए हैं। मोहित वर्मा ज्वेलरी का कारोबार करते थे। परिवार में पत्नी, बेटा और दो बेटियां हैं। तीनों युवकों की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतकों के घरों पर रिश्तेदारों और परिचितों का तांता लग गया। पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


घर लौटने का था इंतजार, पत्नी को सिकंदर की मौत की नहीं दी खबर
जम्मू। हरियाणा के बल्लभगढ़ में रहने वाले तीन परिवारों को एक फोन कॉल ने सदमे में पहुंचा दिया। नगरोटा आईआईएम के निकट हुए हादसे में सिकंदर सैफी, शक्ति सिंह और मोहित वर्मा की मौत की सूचना जैसे ही पहुंची, घर में मातम छा गया। कुछ घंटे पहले तक परिजन से बातचीत करने वाले पारिवारिक सदस्यों को यकीन नहीं हो रहा था कि बेटे और भाई अब इस दुनिया में नहीं रहे। सिकंदर सैफी के साले शहजाद ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने ही जम्मू के लिए रवाना हो गए। रविवार सुबह मृतकों और घायलों के परिजन जीएमसी पहुंच गए। यहां माहौल भावुक था। सिकंदर अपने पत्नी, बेटे और बेटी को छोड़ गए हैं। उनका बेटा सातवीं में पढ़ता है जबकि बेटी अभी छोटी है। परिवार ने अब तक सिकंदर की पत्नी को उनकी मौत की जानकारी नहीं दी है। डर है कि अचानक सदमा लगने पर पत्नी की तबीयत बिगड़ सकती है। शहजाद ने कहा कि पांच दोस्तों ने लंबे समय से टूर की प्लानिंग की थी। नहीं पता था कि यह हमारे लिए कभी ना भूलने वाला टूर होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें