बड्डाल की साइमा कौसर (11) को बुखार व सांस लेने में दिक्कत पर वीरवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) राजोरी में भर्ती कराया गया है। बुधवार को जीएमसी जम्मू में भर्ती करवाई गईं तीन किशोरियों और एक युवती में से नाजिया कौसर की हालत गंभीर बनी हुई है। नाजिया को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
राजोरी जीएमसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शमीम अहमद के मुताबिक, साइमा कौसर का उपचार किया जा रहा है। साइमा मोहम्मद असलम की बेटी है। असलम के माता-पिता व छह बच्चों की रहस्यमय हालात में मौत हो चुकी है।
बड्डाल में बीमार होने वालों का सिलसिला नहीं थम पा रहा है। मंगलवार से लेकर वीरवार तक गांव के छह लोग बीमार हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू ने जीएमसी जम्मू और एसएमजीएस अस्पताल जम्मू जाकर बड्डाल से लाए गए पीड़ितों का हाल जाना।
एजाज पीजीआई चंडीगढ़ के आईसीयू से वार्ड में शिफ्ट
मंगलवार को बीमार पड़े एजाज का पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है। पीजीआई प्रशासन के मुताबिक एजाज की हालत अब खतरे से बाहर है। मरीज को आईसीयू से वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। हालांकि एजाज की जांच रिपोर्ट अभी आनी बाकी हैं।
नेकां के विधायक जावेद इकबाल बोले-एक भी मौत और हुई तो दर्ज कराऊंगा हत्या का केस
बुद्धल से नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक जावेद इकबाल चौधरी ने बड्डाल में हो रही मौतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने राजोरी में कहा, मौतों की वजह जीएमसी जम्मू का कुप्रबंधन है। जम्मू में भर्ती अब किसी और बच्चे की मौत हुई, तो प्रिंसिपल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाऊंगा।
सभी एजेंसियां जांच में लगी हैं : सीएम
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बाड़ी ब्राह्मणा में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, बड्डाल में डॉक्टरों की जांच के अनुसार एक बात तो तय है कि वहां मौतें वायरस से नहीं हुईं। सारी एजेंसियां इस पर बारीकी से काम कर रही हैं। जैसे ही इस मामले में कुछ निकलकर सामने आएगा, लोगों के समक्ष रखा जाएगा।