जिले के बाड़ी ब्राह्मणा थाना क्षेत्र के लोअर कर्थोली में सोमवार सुबह 35 वर्षीय महिला की घर में हत्या से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अनुराधा पत्नी अजय सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
अनुराधा के परिवार में उसके पति अजय सिंह और दो बच्चे हैं। अजय सिंह गंग्याल में निजी कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह अनुराधा ने रोजाना की तरह बच्चों को तैयार कर स्कूल भेजा। वह करीब 8:30 बजे काम पर चले गए। करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि उसकी पत्नी का घर में खून से सना शव पड़ा है।
सूचना मिलते ही आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को जानकारी दी। एसडीपीओ बाड़ी ब्राह्मणा प्रदीप सेन और थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी जम्मू भेजा गया।
अजय सिंह ने अपने सगे भाई पर जमीन विवाद को लेकर आरोप लगाए है। उसका कहना है कि भाई अक्सर अंजाम भुगतने की धमकी देता था। फिलहाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।