जरूरतमंद व्यक्ति को अलॉट की गई सरकारी जमीन को किसी और के नाम करने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने राजस्व विभाग के कई अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज की है। इसे लेकर कटड़ा, उधमपुर और जम्मू में कई अफसरों के घरों पर एसीबी ने छापेमारी भी की।
प्रारंभिक जांच के बाद एसीबी ने तत्कालीन नायब तहसीलदार नेक राम, कटड़ा नगरपालिका के ईओ रवि कुमार, नगरपालिका के इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार, नगरपालिका के प्रधान रहे मुल्ख राज, झज्जर कोटली के रहने वाले सत पाल, जगानु उधमपुर के रहने वाले जुगल किशोर, त्रिकुटा नगर जम्मू के रहने वाले कैलाश नाथ पंगोत्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसीबी के पास इस मामले की शिकायत आई थी कि राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी जमीन पर बहुमंजिला गेस्ट हाउस खड़ा किया गया है। यह ढांचा सतपाल ने खड़ा किया। जिसमें जम्मू कश्मीर कंट्रोल आफ बिल्डिंग आपरेशन एक्ट का उल्लंघन किया गया है।
जांच में पाया गया कि यह जमीन जरूरतमंद फजलु नाम के नाम अलॉट की गई थी। लाभार्थी को इस जमीन के मालिकाना हक नहीं दिए गए लिहाजा इसे बेचा नहीं जा सकता था। तत्कालीन नायब तहसीलदार ने राजस्व रिकॉर्ड में फेरबदल करके यह जमीन जुगल किशोर को बेच दी।
मामले में जांच आगे बढ़ने पर अन्य लोगों के नाम भी सामने आए। सरकारी जमीन के पांच मरले के टुकड़े को फर्जीं तरीके से बेचा गया और उस पर बहुमंजिला इमारत भी खड़ी कर दी गई। इसी मामले में एसीबी ने केस दर्ज करते हुए इन अफसरों के घरों पर छापा मारकर कई दस्तावेज जब्त किए। मामले में आगे की जांच की जा रही है।