शहर में मल्टी स्टोरी पार्किंग प्रोजेक्ट अधर में लटक कर रह गया है। हालांकि जम्मू विकास प्राधिकरण के हिस्से मात्र बस स्टैंड और सिटी चौक की पार्किंग ही रह गई थी। पंजतीर्थी की मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाने की जिम्मेदारी जेडीए से सिर से निकल चुकी है।
बावजूद अभी तक जेडीए पार्किंग बनाने के लिए कोई कार्य शुरू कर नहीं कर सकी है। इसकी वजह से स्थानीय लोगों के लिए दिक्कतें बरकरार हैं। उन्हें अपने वाहन खड़े करने के लिए घरों के बाहर जगह नहीं मिलती है। जगह की कमी के चलते लोग अपने वाहनों को सड़क पर खड़े कर रहे हैं।
जेडीए के पास 70 करोड़ रुपये मल्टी स्टोरी पार्किंग के लिए आरक्षित रख गए हैं लेकिन अभी तक कार्य को शुरू करने के बारे में जेडीए में कोई प्रगति नहीं हो रही है, जबकि शहर के लोग मल्टी स्टोरी पार्किंग के निर्माण के शुरू होने के इंतजार में आंखें लगाएं बैठे हैं।
150 करोड़ रुपये की लागत से मल्टी स्टोरी पार्किंग बननी है। बताया जा रहा है कि जेडीए पूरे पैसे उपलब्ध नहीं होने की वजह से कार्य शुरू नहीं कर रहे हैं लेकिन मल्टी स्टोरी पार्किंग प्रोजेक्ट की अनुमानित राशि सामग्री की कीमतें बढ़ने से और बढ़ रही है।
शहर में वाहनों का दबाव पहले से है। बस स्टैंड में मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाकर 2300 के लगभग छोटे-बड़े वाहन खड़े करने की व्यवस्था होगी। पीपीपी मोड पर पार्किंग बनाने की योजना के तहत टॉप फ्लोर पर कामर्शियल कांप्लेक्स बनाना भी शामिल है लेकिन बदकिस्मती के साथ प्रोजेक्ट फाइलों से बाहर नहीं निकल पा रहा है।
सिटी चौक की पार्किंग में आसपास रहने वाले लोगों के वाहनों को खड़े करने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा बाजार में खरीदारी आदि करने आने वाले लोग भी एक तय समय तक वाहन खड़े कर सकेंगे। जेडीए के उच्चाधिकारी मल्टी स्टोरी पार्किंग का कार्य शुरू होने के बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हो रहे हैं।