बारामुला में सड़क से बर्फ हटवाते सुरक्षाबल
- फोटो : एएनआई
जम्मू-कश्मीर में सोमवार दूसरे दिन भी बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। रामबन के मेहाड़ और पंथियाल इलाके में खराब मौसम के बीच पहाड़ों से गिरे पत्थरों की चपेट में दो वाहन आ गए, इससे एक मिनी बस वाहन में सवार चालक सहित दो लोग घायल हुए। बारिश और धुंध के कारण कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा बाधित रही। किश्तवाड़ और रामबन में प्राइमरी और मिडिल स्कूल बंद रखे गए। जम्मू -श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभावित होने से घाटी जाने वाले सैकड़ों ट्रक रोके गए। जिला पुंछ और शोपियां (कश्मीर) को जोड़ने वाला मुगल रोड तीसरे दिन भी बंद रहा। कश्मीर के अधिकांश मैदानी इलाकों में बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। घाटी में अधिकांश जिलों में दिन और रात के तापमान में कुछ ही डिग्री का अंतर रह गया है। जम्मू संभाग में भी अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहने के साथ बारिश और बर्फबारी हुई।
पुंछ में बर्फबारी के बाद का नजारा
- फोटो : संवाद
कश्मीर के साधना टॉप में दो फुट, माच्छिल में एक फुट, फर्किया टॉप में एक फुट के अलावा गुरेज, राजदान टॉप, जोजीला, पीर की गली, सोनमर्ग, गुलमर्ग, अफर भट में बर्फबारी हुई। जिला कठुआ के मैदानी इलाकों में दिनभर बादल छाए रहने के चलते बनी तहसील के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हुई। जिला राजोरी और पुंछ के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। जम्मू में बीती रात बारिश के बाद सोमवार दिनभर बादल छाए रहे। उधमपुर जिले में पर्यटन स्थल नत्थाटॉप में बर्फबारी हुई है, जिससे आगामी दिनों में पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। पटनीटॉप में भी ठंड बढ़ी है। उधमपुर जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई है।
श्रीनगर में बारिश के दौरान जाते बच्चे
- फोटो : बासित जरगर
कल कुछ हिस्सों में भारी बारिश, बर्फबारी की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने 9 नवंबर को जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। मंगलवार को कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है। 10 नवंबर को भी मौसम में बदलाव रहेगा। मौसम खराब रहने की सूरत में तापमान में गिरावट आएगी।
श्रीनगर में बारिश के दौरान छाता लेकर निकलती महिला
- फोटो : बासित जरगर
कहां कितनी बारिश स्थान
काजीकुंड 60.9 मिलीमीटर
कोकरनाग 37.2
बनिहाल 35.6
गुलमर्ग 32.2
श्रीनगर 32.3
कुपवाड़ा 29.0
कटड़ा 21.4
बटोत 9.4
भद्रवाह 3.7
Snowfall in Gulmarg
- फोटो : साकिव नबी
गुलमर्ग, लेह और कारगिल में रात का पारा शून्य से नीचे
विश्व विख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग, लेह और कारगिल में रात का पारा शून्य डिग्री से नीचे चल रहा है। गुलमर्ग में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 4.5, लेह में माइनस 3.8 और कारगिल में माइनस 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू कश्मीर में बदले मौसम के मिजाज से कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 10 से 12 डिग्री तक गिर गया है।
Snowfall in Kashmir
- फोटो : साकिव नबी
खासतौर पर घाटी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां अधिकांश हिस्सों में दिन का पारा 10 डिग्री से नीचे आ गया है। राजधानी श्रीनगर सोमवार को सर्द हवाओं की चपेट में रही। यहां दिन का तापमान सामान्य से 10.7 डिग्री गिरकर 7.2 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
श्रीनगर में बारिश होने के बाद अलाव जलाते लोग
- फोटो : बासित जरगर
पहलगाम में दिन का तापमान सामान्य से 9.3 डिग्री गिरकर 5.6 और गुलमर्ग में सामान्य से 4.5 डिग्री गिरकर 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में दिन का तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री गिरकर 22.6 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में दिन का पारा सामान्य से 11.4 डिग्री गिरकर 9.2, बटोत में सामान्य से 9.2 डिग्री गिरकर 10.5, कटड़ा में सामान्य से 8.6 डिग्री गिरकर 16.5 और भद्रवाह में सामान्य से 11.1 डिग्री गिरकर 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।