मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने फिल्मकारों को कश्मीर की खूबसूरत वादियों में शूटिंग करने का न्योता देते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार निर्विघ्न शूटिंग के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कश्मीर के प्रति नकारात्मक छवि बदलने में फिल्म उद्योग से सहयोग भी मांगा। कलाकारों से ब्रांड अंबेसडर बनने का आग्रह भी किया। वे 17 वें मुंबई एकेडमी आफ मूविंग इमेजेज (एमएएमआई) फिल्म महोत्सव के समापन समारोह में फिल्म जगत की हस्तियों को संबोधित कर रहे थे।
मुफ्ती ने कहा कि कश्मीर का सौंदर्य दोबारा से फिल्म जगत को शूटिंग के लिए आकर्षित करेगा। कश्मीर के प्रति नकारात्मक सोच आज सबसे बड़ी चुनौती है, लेकिन, इसे फिल्म जगत के सहयोग से बदला जा सकता है।
कश्मीर अपने अतुलनीय सौंदर्य के कारण हमेशा से फिल्मकारों का पसंदीदा रहा है। मुफ्ती ने कश्मीर में फिल्मों की शूटिंग के लिए सलमान खान तथा शाहरुख खान के प्रति आभार जताया।
उन्होंने साठ के दशक का जिक्र करते हुए कहा कि जब यहां कश्मीर की कली जैसी फिल्मों की शूटिंग हुई थी उसी तरह फिर से यहां की खूबसूरती को कैमरे के माध्यम से दोबारा विश्व समुदाय के सामने लाना होगा।
उच्च तकनीक कराएंगे मुहैय्या
फिल्म उद्योग को पूर्ण सहयोग की पेशकश करते हुए उन्होंने शूटिंग क्रू को सिंगल विंडो सिस्टम क्लीयरेंस का वादा किया। बड़े बैनर वाले फिल्म घरानों की वादी यात्रा को आसान बनाने के लिए उन्होंने कहा कि उच्च तकनीक वाले उपकरणों को उपलब्ध कराने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
उन्होंने अधिक से अधिक सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर बल देते हुए कहा कि यह प्रयास एकतरफा नहीं होना चाहिए। इस अवसर पर सलमान खान, किरण राव, सैफ अली खान, विद्या बालन, अनुपमा चोपड़ा, रितेश देशमुख, नंदिता दास, काली कोयचलिन आदि उपस्थित रहे। समारोह में 58 देशों की 200 फिल्में दिखाई गईं।
इसमें लगभग 7000 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने अभिनेता सलमान खान से भी बात की। उन्होंने अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए कश्मीर आकर घाटी से संबंधों को कायम रखने का भरोसा दिलाया। एमएएमआई की चेयरपर्सन और अभिनेता आमिर खान की पत्नी किरण राव ने भी जल्द ही कश्मीर आने का वादा किया।
मुख्यमंत्री कश्मीर विश्वविद्यालय के मीडिया एजुकेशन रिसर्च सेंटर के 12 छात्रों से भी मिले। इन छात्रों को फिल्मकार विधु विनोद चोपड़ा ने सिनेमा की बारीकियों से परिचित कराने के उद्देश्य से विशेष रूप से आमंत्रित किया था।