मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद ने केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली से मुलाकात कर बाढ़ पुनर्वास कार्यक्रम के लिए पैकेज शीघ्र जारी करने की मांग की। दिल्ली में हुई इस मुलाकात में रियासत के वित्त मंत्री डॉ. हसीब द्राबू भी मुख्यमंत्री के साथ थे। जेटली ने कहा कि बाढ़ से इंफ्रास्ट्रक्चर को हुए नुकसान के लिए केंद्र सरकार की ओर से शीघ्र आवंटन जारी किया जाएगा।
इससे पहले वित्त मंत्री द्राबू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर बाढ़ राहत के लिए विशेष पैकेज की मांग की थी। मुफ्ती सरकार केंद्र सरकार से कुछ भी हासिल नहीं होने के मुद्दे पर विपक्ष की आलोचना झेल रही है। बिजली प्रोजेक्टों की वापसी पर धोखेबाजी का आरोप लगाते हुए विपक्ष ने विधानसभा और विधान परिषद की कार्यवाही को बाधित किया था।
विपक्ष इन मुद्दों पर सरकार को लगातार घेर रहा है। ऐसे में मुफ्ती की कोशिश है कि केंद्र से बड़े पैकेज का ऐलान कराया जाए ताकि विपक्ष को जवाब दिया जा सके। पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की सरकार ने बाढ़ राहत और पुनर्वास के लिए केंद्र से 44 हजार करोड़ के विशेष पैकेज की मांग की थी।