संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर व्यावसायिक बोर्ड की ओर से ली गई एमएससी नर्सिंग कोर्स में प्रवेश परीक्षा के आधार पर युवाओं को प्रदेश के सरकारी व निजी कॉलेजों में दाखिला दिया जाएगा। 31 अगस्त को दाखिले के लिए काउंसलिंग होगी। पहले राउंड में 1 से लेकर 217 तक रैंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा।
इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी की गई अधिसूचना में बताया गया है कि पहले राउंड के लिए सभी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। सभी योग्य अभ्यर्थियों को बोर्ड कार्यालय जम्मू व श्रीनगर में साढ़े आठ बजे रिपोर्ट करनी होगी। उन्हें मूल दस्तावेज भी साथ लेकर जाने के लिए कहा गया है। अभ्यर्थियों को प्रदेश का डोमीसाइल, बीएससी नर्सिंग की अंकतालिकाएं समेत अन्य दस्तावेजों को साथ लेकर जाना होगा। काउंसलिंग में शामिल होने से पहले अभ्यर्थियों को 1000 रुपये शुल्क भी जमा करवाना होगा।