संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। एमए स्टेडियम में जारी इनलाइन और रोलर हाॅकी नेशनल फेडरेशन कप प्रतियोगिता में सीनियर पुरुष वर्ग में पंजाब ने चंडीगढ़ को इनलाइन हॉकी के फाइनल में हराकर खिताब अपने नाम किया। पंजाब ने यह मुकाबला 4-2 के अंतर से जीता। मेजबान जम्मू-कश्मीर की टीम रोलर हाकी और इनलाइन हाॅकी दोनों में तीसरे स्थान पर रही। इनलाइन हाॅकी के तीसरे स्थान के लिए मेजबान जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें जम्मू-कश्मीर ने 3-2 से जीत हासिल की। वहीं, रोलर हाकी में तीसरे स्थान के लिए जम्मू-कश्मीर का सामना पंजाब से हुआ, जिसमें जम्मू-कश्मीर ने पंजाब को एकतरफा मुकाबले में 10-0 के अंतर से जीत दर्ज की।
एमए स्टेडियम के स्केटिंग रिंक में शनिवार को सीनियर पुरुष वर्ग के सेमिफाइनल, फाइनल और तीसरे स्थान के लिए मुकाबले हुए। इनलाइन हाॅकी के पहले सेमीफाइनल में पंजाब ने मेजबान जम्मू-कश्मीर को 6-5 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दूसरे सेमिफाइनल में चंडीगढ़ ने हरियाणा को 9-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। रोलर हाॅकी के पहले सेमिफाइनल में हरियाणा ने मेजबान जम्मू-कश्मीर को 5-2 से हराया। वहीं, दूसरे सेमिफाइनल में चंडीगढ़ ने पंजाब को 3-2 से पराजित किया। सीनियर पुरुष वर्ग में रोलर हाॅकी का फाइनल मुकाबला चंडीगढ़ और हरियाणा के बीच खेला जाएगा।
ने जम्मू-कश्मीर रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन चार दिवसीय चैंपियनशिप रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले करवा रही है। इसमें जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, चंडिगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना से 350 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।