केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में सांसद जाम्यांग नामग्याल को भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्ढा ने तत्काल प्रभाव से जाम्यांग नामग्याल की संगठनात्मक नियुक्ति की है। इस संबंध में सोमवार को राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने आदेश जारी किया।
लद्दाख की एक मात्र संसदीय क्षेत्र से जाम्यांग नामग्याल 2019 से भाजपा के सांसद हैं। उल्लेखनीय है कि शीरिंग दोरजे ने लद्दाख के भाजपा अध्यक्ष पद से चार मई 2020 को इस्तीफा दे दिया था। उन्हें मनाने का प्रयास भाजपा के स्थानीय व राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ने किया लेकिन वह नहीं माने।
दोरजे ने लॉकडाउन के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे लद्दाख के लोगों को वापिस लाने में प्रशासन की नाकामी से नाराज होकर इस्तीफा दे दिया था। इसके अलावा भी उन्होंने कई आरोप लगाए थे।