लगातार दो दिन सांबा और कठुआ जिले में आतंक का खेल खेलने वाले आतंकी अभी और आतंकी हमला करने की साजिश रच रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों के पास इसके इनपुट आए हैं। एजेंसियों ने इसके बारे में केंद्र और राज्य सरकार को भी सूचना दी है। कई धार्मिक स्थल भी आतंकियों के निशाने पर हैं।
हमले के चलते कटड़ा में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। आईबी ने पहले ही केंद्र को सूचित कर रखा है कि 60 आतंकी लांचिग पैड पर बैठे हुए हैं। इस सूचना के जारी होने के बाद ही कठुआ और सांबा में हमला हुआ। सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों के अनुसार कठुआ के हीरानगर सेक्टर के हरियाचक से एक दर्जन आतंकवादियों ने घुसपैठ की थी।
जो बाद में दो-दो के ग्रुप में बंट गए। इनमें से दो ने पहला हमला कठुआ में किया और मारे गए। इसके बाद दो ने सांबा में हमला किया। दोनों मारे गए। अब भी आठ आतंकी बचे हैं। इनका अगला हमला फिर से कठुआ, सांबा, विजयपुर, बाड़ी ब्राह्मणा के आर्मी कैंप और सैन्य स्कूल हो सकते हैं।
शनिवार को सांबा में हुआ आतंकी हमला भी सैन्य स्कूल को निशाना बनाकर किया गया था। संयोग से आतंकी स्कूल में घुसने से पहले ही ढेर कर दिए गए। नेशनल हाईवे पर स्थित सैन्य कैंप और पुलिस थाने आतंकियों के निशाने पर हैं।