सुहावने मौसम के बीच पारंपरिक पहलगाम और बालटाल रूट से श्री अमरनाथ यात्रा जारी है। पिछले चार दिन में हजारों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दरबार में हाजिरी दे चुके हैं। आन स्पाट पंजीकरण के लिए जम्मू के केंद्रों पर यात्रियों की भारी भीड़ पहुंच रही है। पंजीकरण के लिए कोटा बढ़ाने के बावजूद रोजाना सैकड़ों यात्रियों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इस बीच जम्मू आधार शिविर भगवती नगर से पांचवें जत्थे में 2219 यात्रियों का जत्था रवाना हुआ।
इसमें 1554 पुरुष, 488 महिलाएं, 27 बच्चे और 150 साधु शामिल रहे। रविवार को पहलगाम और बालटाल ट्रैक से हजारों श्रद्धालु पैदल भोलेनाथ के दरबार की ओर आगे बढ़े। आन स्पाट पंजीकरण केंद्रों पर उमड़ रही भारी भीड़ से भोलेनाथ के प्रति देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं की आस्था का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। जम्मू हाट में भीड़ को देखते हुए आन स्पाट पंजीकरण के कोटे को आठ सौ से बढ़ाकर 1100 तक कर दिया गया।
इसके अलावा वैष्णवी धाम, सरस्वती धाम में भी करंट पंजीकरण के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। लेकिन निर्धारित कोटा यात्रियों के लिए नाकाफी हो रहा है। जम्मू आधार शिविर से पिछले तीन जत्थों में लगातार दो हजार से ऊपर श्रद्धालु रवाना हो रहे हैं। यहां 13 हालों में 1500 यात्रियों को ही ठहराने की व्यवस्था है।