केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली द्वारा सोने पर लगाई अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी के विरोध में मंगलवार को सातवें दिन भी जम्मू संभाग के सराफा बाजारों में हड़ताल रही। 18 हजार से अधिक मैन्यूफैक्चर्स और ट्रेडर्स हड़ताल पर हैं। जम्मू के अलावा संभाग के अलग-अलग बाजारों में सराफा दुकानों पर ताले लटके रहे। सात दिन के बंद से करोड़ों रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है।
शहर के लखदाता बाजार, जैन बाजार, अपर बाजार, तालाब तिल्लो, जानीपुर, नानक नगर, बाहु प्लाजा स्थित सराफा दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। मंगलवार को कारोबारियों ने प्रतिष्ठान बंद कर जैन बाजार में प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार और वित्त मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। यहां से लिंक रोड तक रैली निकालकर आवाज बुलंद की।
सराफा एसोसिएशन एंड स्वर्णकार संघ ज्वाइंट एक्शन कमेटी जम्मू संभाग के चेयरमैन रमन सूरी ने कहा कि वित्त मंत्री को तत्काल एक्साइज ड्यूटी लगाने के फैसले को वापस लेना चाहिए। यदि वित्त मंत्री ने प्रस्तावित एक्साइज ड्यूटी वापस नहीं जी तो कड़ा संघर्ष होगा।
बताया कि 17 मार्च को देशभर के कारोबारी रामलीला मैदान में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए भी जम्मू से भी कारोबारियों को चलने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर जम्मू सराफा एसोसिएशन के प्रेसीडेंट परजान कुमार जैन, स्वर्णकार संघ (जम्मू संभाग) के प्रेसीडेंट राज कुमार, विजय वर्मा, अजय आदि उपस्थित थे। सराफा व्यापारियों ने सोमवार को बैठक कर हड़ताल को 72 घंटे बढ़ाते हुए 10 मार्च तक विरोध करने का फैसला किया था।