श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के चेयरमैन एवं राज्यपाल एनएन वोहरा ने शनिवार को पवित्र गुफा का दौरा कर यात्रियों के लिए शुरू किए गए विभिन्न प्रोजेक्टों की जानकारी ली। उन्होंने अर्द्धकुंवारी से कटड़ा तक नए ट्रैक का भी जायजा लिया। बोर्ड अधिकारियों को सभी प्रोजेक्ट निर्धारित समय में मुक्कमल बनाकर यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाने के निर्देश दिए गए।
रामनवमी पर राज्यपाल ने मां के दरबार में राज्य में शांति और सुख समृद्धि की कामना की। राज्यपाल ने अटका क्षेत्र में अपग्रेडेशन के कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं देने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाए।
इस दौरान सीईओ डा. एमके भंडारी ने राज्यपाल को भैरो घाटी पैसेंजर रोपवे (भवन से भैरो मंदिर के बीच) प्रोजेक्ट पर बताया कि लोअर टर्मिनल पर सिविल वर्क शुरू कर दिए गए हैं और दिसंबर के अंत तक प्रोजेक्ट के पूरा होने की उम्मीद है। इसी तरह सियार दाबड़ी से भवन तक त्रिकुटा हिल्स मेटिरियल रोपवे के निर्माण को अगले 24 माह में पूरा कतरने का लक्ष्य रखा गया है।