जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ लद्दाख संभाग में भी चुनावी गतिविधियां पूरे जोरों पर है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने टाइगर हिल, तोलोलिंग और द्रास से भाजपा का बिगुल फूंकते हुए कमल का बटन दबाने की अपील की।
इस मौके पर हुसैन ने कहा कि चाहे कांग्रेस हो या फिर नेकां, सभी दल मोदी के नाम से डरते हैं। जैसे जम्मू और कश्मीर संभाग में मोदी लहर है, वैसे ही लद्दाख संभाग में भी इस लहर में कोई कमी नहीं देखने को मिल रही। उन्हें पूरी उम्मीद है कि लद्दाख में भी भाजपा अपना परचम लहराने में सफल रहेगी।
रैली में भाग लेने पहुंचे स्थानीय निवासियों के अनुसार, वह इलाके में विकास देखना चाहते हैं, क्योंकि यहां के स्थानीयों ने काफी मुश्किल दौर देखा है। स्थानीय नागरिक जिया के अनुसार, कारगिल युद्ध के दौरान यहां के लोगों को मुश्किल दौर देखना पड़ा था।
अब लोग विकास चाहते हैं और उन्हें उम्मीद है कि मोदी जी विकास के लिए सही कदम उठाने की पूरी क्षमता रखते हैं। इस मौके पर भाजपा के लद्दाख संभाग के वरिष्ठ नेता अब्दुल अजीज के अलावा काफी नेता मौजूद थे।