केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की 22 सितंबर को जम्मू में होने वाली रैली में फेरबदल हुआ है। अब राजनाथ सिंह की जगह केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर रैली में मुख्य अतिथि रहेंगे। प्रदेश भाजपा रैली में 10 हजार की भीड़ जुटाने की तैयारी में जुट गई है। संभाग में जम्मू जिले के अलावा इसके साथ लगते सांबा व कुछ अन्य जिलों से कार्यकर्ताओं को रैली में पहुंचने को कहा जा रहा है।
अनुच्छेद 370 और 35ए हटने के बाद भाजपा की ओर से चलाए जा रहे जन जागरण कार्यक्रम के तहत अनुराग ठाकुर जम्मू में रैली को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह अनुच्छेद 370 के हटने से जम्मू कश्मीर और लद्दाख के लोगों को होने वाले फायदे गिनाएंगे और पाकिस्तान समेत अनुच्छेद 370 के समर्थकों पर कटाक्ष भी करेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार अनुच्छेद 370 के हटने के बाद जम्मू कश्मीर में अब तक की सबसे बड़ी रैली 22 सितंबर को होने वाली है। इसलिए भाजपा रैली को सफल बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। 23 सितंबर को जम्मू कश्मीर का भारत में विलय करने वाले महाराजा हरि सिंह की जयंती से एक दिन पूर्व होने जा रही रैली के लिए खासतौर से जम्मू स्थित महाराजा हरि सिंह पार्क का चयन किया गया है।
जम्मू संभाग के लोगों की महाराजा हरि सिंह जयंती पर अवकाश घोषित किए जाने की मांग रही है। अब देखना होगा कि इस विषय में केंद्रीय मंत्री कोई घोषणा या बयान देते हैं या नहीं। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना से रैली के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने पुष्टि की है कि केंद्रीय रक्षा मंत्री की जगह अब केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर जम्मू रैली में पहुंचेंगे।