कश्मीर में शांति बहाली के लिए आर्ट आफ लिविंग संस्था जम्मू में महत्वपूर्ण आयोजन करने जा रही है। श्री श्री रवि शंकर और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू आयोजन का हिस्सा होंगे। कश्मीर बैक टू पेराडाइस शीर्षक से जम्मू में 23 नवंबर को प्रस्तावित कांफ्रेंस कई मायनों में दिलचस्प मानी जा रही है।
आयोजक संस्था के जम्मू प्रोग्राम कोआर्डिनेटर संजय कुमार ने बताया कि कांफ्रेंस में पूर्व आतंकी, पत्थरबाज और आतंकवाद के पीड़ितों सहित कश्मीर मसले के विभिन्न पक्षकारों को शामिल किया जाएगा। कांफ्रेंस एक ऐसा मंच बनने जा रही है जहां पर युवा नेताओं, महिलाओं,उद्यमियों, गैर सरकारी संस्था प्रतिनिधियों, सूफी नेताओं, अकादमिक हस्तियों, मीडिया, कला एवं संस्कृति और सिख समुदाय के प्रतिनिधियों को विचार व्यक्त करने का अवसर दिया जाएगा।
आयोजन का मकसद कश्मीर मसले का शांतिपूर्ण हल खोजना है। उन्होंने बताया श्री श्री मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे जबकि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री रिजिजू गेस्ट आफ आनर होंगे।