आतंकियों ने दक्षिणी कश्मीर में शनिवार को दो हमले किए। इसमें एक एसपीओ की मौत हो गई, जबकि एक अन्य एसपीओ घायल है। घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च आपरेशन चलाया गया। माना जा रहा है कि मुखबिरी के शक में उन्हें गोली मारी गई है।
इससे पहले वीरवार को आतंकियों ने दक्षिणी कश्मीर में एक घंटे के भीतर ताबड़तोड़ तीन घटनाओं को अंजाम दिया था। इसमें एक एसपीओ की मौत हो गई थी, जबकि उसकी पत्नी और एक मदरसा शिक्षक समेत तीन घायल हो गए थे। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी भी घायल हुआ था।
पुलवामा जिले के मुरन चौक इलाके में आतंकियों ने एसपीओ मोहम्मद अशरफ मीर की गोली मारकर हत्या कर दी। वह पुलवामा के मचपुना का रहने वाला था, लेकिन वर्तमान में छानपोरा में रह रहा था। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस पहले इसे नागरिक बता रही थी, लेकिन बाद में एसपीओ के रूप में शिनाख्त हुई। पुलिस लाइन में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वहीं, अनंतनाग जिले के खन्नाबल इलाके में आतंकियों ने ड्यूटी पर तैनात एसपीओ तुरग सिंह को गोली मार दी।
वह ट्रैफिक ड्यूटी पर था। गोली मारने के बाद आतंकी भाग निकले। खून से लथपथ एसपीओ को तत्काल पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां से श्रीनगर रेफर कर दिया गया। पुलवामा के एसएसपी असलम चौधरी ने बताया कि आतंकियों की तलाश के लिए सघन छापेमारी की जा रही है। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इस सप्ताह के हमले
29 मार्च : दक्षिणी कश्मीर में एक घंटे में तीन स्थानों पर हमले, एसपीओ की मौत
26 मार्च : दक्षिणी कश्मीर के शोपियां में सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर आतंकी हमला