फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सैन्य कमांडर बोले: भारत के खिलाफ गलत कदम उठाने की कोई हिमाकत न करे, सेना हर चुनौती के लिए तैयार

Sun, 08 May 2022 05:46 PM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, उधमपुर

सार

उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने नॉर्थ टेक संगोष्ठी का उद्घाटन किया था। इसमें भारतीय रक्षा उद्योग, रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन, रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों व शिक्षाविदों ने भाग लेकर अपने विचारों से अत्याधुनिक रक्षा प्रौद्योगिकी को प्रस्तुत किया।
विज्ञापन
उत्तरी कमान में आयोजित नार्थ टेक सिंपोजियम 2022 के दौरान सैन्य कमांडर - फोटो : पीआरओ
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत के खिलाफ कोई भी गलत कदम उठाने की हिमाकत न करे। अगर कोई जोखिम उठाना चाहता है तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। सरहद पर भारतीय सेना पूरी तैयारी के साथ तैनात है और हर समय सतर्क है। यह बात उत्तरी कमान सेना प्रमुख ले. जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने नॉर्थ टेक संगोष्ठी के दौरान मीडिया कर्मियों से बात करते कही।

आधुनिक हथियार और उपकरण मिलने पर जवानों का हौसला बढ़ेगा

उन्होंने कहा कि एलओसी, एलएसी और आईबी पर भारतीय सेना हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है। कोई भी गलत कदम उठाने की कोशिश न करे। नॉॅर्थ टेक संगोष्ठी के जरिए स्वदेशी आधुनिक हथियार और उपकरण मिलने पर जवानों का हौसला बढ़ेगा। हमें 100 फीसदी आत्मनिर्भर होने की जरूरत है। जब हम विदेश से हथियार व उपकरण खरीदते हैं तो हमको उन पर निर्भर रहना पड़ता है।

स्वदेशी हथियार व उपकरण तैयार करें

उपकरण के खराब होने या फिर रखरखाव व मरम्मत के लिए अलग से पैसे वसूल किए जाते हैं और जब उपकरण ठीक नहीं हो पाता तो नया खरीदने के लिए मजबूर किया जाता है। इसलिए जरूरी है कि हमारे देश के लोग खुद ही आगे आएं और सेना के साथ मिलकर काम करें। स्वदेशी हथियार व उपकरण तैयार करें।

दुश्मनों के मंसूबों पर पानी फेरने में मदद मिलेगी

सेना की पेशकश के बाद बहुत ज्यादा संख्या में वेंडर प्रदर्शनी में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हैं। एंटी टनल, ड्रोन, काउंटर ड्रोन उपकरण, कम्युनिकेशन उपकरण, सिक्योरिटी सोल्यूशन उपकरण के जरिये जवानों को बहुत ज्यादा सुविधाएं मिलेंगी और इससे दुश्मनों के मंसूबों पर पानी फेरने में मदद मिलेगी। वेंडर को खुली छूट है कि वे आगे आएं और सेना की उम्मीद के अनुसार उपकरण तैयार करें।

स्थानीय सहयोग न मिलने पर मारे जा रहे विदेशी आतंकी

द्विवेदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के अब हालात बहुत बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव, डीडीसी चुनाव के साथ परिसीमन प्रक्रिया पूरी हुई और अब सरकार ने विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। यह हालात बेहतर होने का नतीजा है। घुसपैठ की कोशिशों को सेना पूरी तरह से विफल कर रही है। स्थानीय लोग जागरूक हो चुके हैं और इसी कारण विदेशी आतंकी ज्यादा मारे जा रहे हैं। आतंकियों का स्थानीय सहयोग नहीं मिल रहा है। द्विवेदी ने कहा कि माता-पिता ने भी बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए जागरूक करना शुरू कर दिया है।

आधुनिक उपकरणों से बढ़ेगी सेना की ताकत

उत्तरी कमान मुख्यालय की नॉर्थ टेक संगोष्ठी शनिवार को प्रदर्शनी के साथ संपन्न हो गई। प्रदर्शनी में कुल 162 रक्षा कंपनियों ने हिस्सा लेकर अपने हथियार और उपकरण प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में कई तरह के शानदार उपकरण आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्य अतिथि थल सेना के उप प्रधान लेफ्टिनेंट जनरल बीएस राजू ने कहा कि इन उपकरणों के शामिल होने के बाद भारतीय सेना की ताकत कई गुना बढ़ जाएगी।

भारतीय रक्षा उद्योग की 162 कंपनियों ने लिया हिस्सा 

शुक्रवार को लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने नॉर्थ टेक संगोष्ठी का उद्घाटन किया था। इसमें भारतीय रक्षा उद्योग, रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन, रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों व शिक्षाविदों ने भाग लेकर अपने विचारों से अत्याधुनिक रक्षा प्रौद्योगिकी को प्रस्तुत किया। शनिवार को यहां प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें एमएसएमई, डीआरडीओ, डीपीएसयू सहित भारतीय रक्षा उद्योग की 162 कंपनियों ने हिस्सा लेकर अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। युद्ध क्षमता बढ़ाने के लिए सेना ने 42 अभिनव समाधान भी प्रदर्शित किए।

त्वरित खरीद के लिए नीति व प्रक्रियाओं पर मंथन किया

पहले दिन संगोष्ठी के दौरान सेना और उद्योग जगत के प्रतिभागियों ने त्वरित खरीद के लिए नीति व प्रक्रियाओं पर मंथन किया। साथ ही भारतीय सेना, डीआरडीओ व रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वारा रक्षा आत्मनिर्भता पहल, निगरानी प्रणाली, हथियार स्थलों, ड्रोन और निजी क्षेत्र के लिए कैसे योगदान कर सकते हैं पर चर्चा की। काउंटर ड्रोन सिस्टम और 3डी प्रिंटिंग जैसी विविध प्रौद्योगिकियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। धार रोड पर प्रदर्शनी ने भारतीय रक्षा उद्योग ने कौशल का प्रदर्शन किया। ले. राजू ने प्रदर्शनी में सभी विक्रेताओं और निर्माताओं के साथ बातचीत की और उन्हें ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण की दिशा में प्रयास जारी रखने के लिए बधाई दी।

जटिल चुनौतियों से निपटने वाली अत्याधुनिक तकनीक प्रदर्शित

संगोष्ठी में उत्तरी कमान ने सुरक्षा बलों के सामने आने वाली जटिल चुनौतियों का समाधान करने वाली अत्याधुनिक तकनीकों और नवीन उत्पादों को प्रदर्शित करने का काम किया। घरेलू रक्षा उद्योग और सेना के बीच विचारों के पारस्परिक आदान-प्रदान के लिए एक आदर्श मंच के रूप में भी काम किया गया। प्रदर्शनी पर उत्पादों ने एक विस्तृत कैनवास को कवर किया, जिनमें निगरानी और स्थितिजन्य जागरूकता, सामरिक गतिशीलता, गोलाबारी, बल सुरक्षा, संचार, लड़ाकू चिकित्सा सुविधा, रोबोटिक्स और सिमुलेटर व अन्य कई प्रमुख उपकरण थे।

सेना देश के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए काम करें

ले. जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सभी विक्रेताओं की पहल और नवाचारों की सराहना की। उन्होंने अपना विश्वास व्यक्त किया कि स्वदेशी रूप से उपलब्ध उत्पादों की अधिकता राष्ट्र की आत्मनिर्भर भारत परियोजना को और बढ़ावा देगी। आत्मनिर्भता की भावना की मांग है कि अनुसंधान और विकास, घरेलू रक्षा उद्योग व सेना देश के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए एक साथ काम करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें