फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर: आतंकियों ने सीआरपीएफ कैंप के बाद सेना के काफिले पर किया हमला. 1 जवान शहीद, दो घायल

Sun, 18 Nov 2018 08:21 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, श्रीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर पुलवामा जिले के काकपोरा में आतंकियों ने रविवार देर शाम ताबड़तोड़ दो हमले किए। सीआरपीएफ कैंप व सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर हुए हमले में सीआरपीएफ का जवान शहीद हो गया, जबकि सेना के दो जवान घायल है। घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने सीआरपीएफ कैंप पर हमले की जिम्मेदारी ली है।

विज्ञापन


काकपोरा रेलवे स्टेशन के पास स्थित सीआरपीएफ कैंप को निशाना बनाकर आतंकियों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इसमें 183 बटालियन के हेड कांस्टेबल चंद्रिका प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। बताते हैं कि चुनाव ड्यूटी के लिए चंद्रिका प्रसाद एक दिन पहले यहां आए थे। हमले के बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसके बाद आतंकी मौके से भाग निकले।

इस घटना के कुछ ही देर बाद काकपोरा गांव के गांधीबाग इलाके में आतंकियों ने सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला कर दिया, जिसमें दो जवान घायल हो गए। पूरे इलाके में सर्च आपरेशन चलाया गया है। इस दौरान गोलियां चलने की आवाज सुनी गई, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आतंकियों के साथ संपर्क स्थापित हुआ है या नहीं। दक्षिणी कश्मीर में आतंकियों ने अपनी गतिविधियां पिछले कुछ दिनों से काफी बढ़ा दी है। युवाओं के अपहरण के बाद अब सीआरपीएफ कैंप पर हमले की घटना सामने आई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

सरकारी स्कूल को आग लगाई

उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले कुपवाड़ा के हटमालू स्थित गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल को रविवार की देर शाम कुछ अराजक तत्वों ने आग लगा दी। पूरा स्कूल धू-धू कर जल उठा। ग्रामीणों ने स्कूल भवन से आग की लपटें उठती देखीं तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक इमारत काफी जल चुकी थी।

उधर जम्मू-कश्मीर के शोपियां में रविवार तड़के हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया। यह ऑपरेशन खुफिया जानकारी मिलने के बाद शुरू किया गया था। मारे गए आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुआ है। पुलिस ने इस मामले में केस भी दर्ज कर लिया है।

जम्मू कश्मीर पुलिस ने इस एनकाउंटर के दौरान दो आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि की है। मारे गए आतंकियों में शोपियां का नवाज वगाय और पुलवामा का यावार वानी शामिल थे। यह दोनों आतंकी अल-बद्र संगठन से जुड़े थे। इससे पहले शुक्रवार को नौगाम रेलवे स्टेशन से शनिवार को पुलिस ने एक महिला आतंकी को गिरफ्तार किया था। सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ में जुटी हुई हैं। इससे पहले एके 47 राइफल के साथ उसका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हालांकि, पुलिस ने इस बारे में आधिकारिक रूप से कुछ भी नहीं बताया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें