भारत पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के दौरे पर आई गृह मामलों पर संसद की स्थायी समिति ने पठानकोट एयरबेस पर फिर से आतंकी हमले की आशंका जताई है। पठानकोट के बाद जम्मू के सरहदी इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने आई समिति के चेयरमैन पी भट्टाचार्य ने कहा पठानकोट दौरे में उन्हें स्थानीय ग्रामीणों ने आतंकियों के छिपे होने की सूचना दी है।
एयरबेस से सटे गांव में आतंकियों के छिपे होने की सूचना तत्काल सरकार तक पहुंचाई गई। इसके बाद से सीआरपीएफ, बीएसएफ, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान भट्टाचार्य ने कहा कि कमेटी की अनुशंसा के बाद पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा गांव में आतंकी कैसे और कहां छिपे हैं यह पता करना कमेटी का काम नहीं है।
ग्रामीणों ने समिति को यह सूचना दी थी जिससे साफ है कि आतंकी आसपास ही कहीं छिपे हैं। पठानकोट एयरबेस पर दो जनवरी को हुए आतंकी हमले की जांच के लिए पाकिस्तानी जांच टीम को अनुमति देने के सवाल पर चेयरमैन ने कहा वह बिल्कुल भी इसके पक्ष में नहीं थे। स्टैंडिंग कमेटी भारत सरकार के इस फैसले से सहमत नहीं है।