जम्मू। सरकार ने यात्री किराए में 19 फीसदी बढ़ोतरी की है। इससे अब शहर में चलने वाली मेटाडोरों का सफर भी महंगा होगा। अब तीन किलोमीटर के सात रुपये देने होंगे। हालांकि किराए में बढ़ोतरी के बाद अभी तक मेटाडोर यूनियन ने सूची जारी नहीं की है।
शहर में मेटाडोर के न्यूनतम किराये में एक रुपये की वृद्धि संभव है। जहां पहले न्यूनतम किराया छह रुपये था, अब सात रुपये होगा। इसके साथ ही पांच किलोमीटर तक अब 12 रुपये और 10 किमी तक 14 रुपये किराया हो सकता है। हालांकि अभी इसको लेकर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने सूची जारी नहीं की है, लेकिन 19 प्रतिशत यात्री किराया बढ़ने के हिसाब से इतनी वृद्धि संभव है।
अब जानीपुर से बाड़ी ब्राह्मणा तक का किराया 20 रुपये होगा, जो पहले 17 रुपये था। इसके साथ पंजतीर्थी से गांधीनगर वाया शास्त्री नगर तक का किराया 13 रुपये होगा, जबकि शास्त्री नगर से ज्यूल चौक तक 13 रुपये किराया देना होगा। गांधीनगर अस्पताल वाया शालामार से महेशपुरा-पंजतीर्थी तक किराया अब 15 रुपये तक होगा। गोल मार्केट से शालामार तक 13 रुपये किराया मेटाडोर का चुकाना पड़ेगा। मेटाडोर के साथ ऑटो, टैक्सी के किराए में भी बढ़ोतरी हुई है।
-----------
सरकार से 30 प्रतिशत किराया बढ़ोतरी की मांग की थी, लेकिन 19 फीसदी ही किराया बढ़ाया है, जिसका यूनियन स्वागत करती है, लोगों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े इसके लिए यूनियन को यह फैसला मंजूर है। यूनियन ने किराया सूची तैयार कर ली है आधिकारिक सूची जारी होने के बाद उसे आरटीओ से पारित करवाएंगे।
विजय चिब, प्रधान, मिनी बस यूनियन, जम्मू