शहर में मेटाडोर का आतंक लगातार जारी है। बुधवार रात एमएलए हास्टल के सामने मेटाडोर चालक की लापरवाही से मेटाडोर पलट गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि नौ लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल नौ लोगों को तत्काल इलाज के लिए जीएमसी लाया गया। वहीं, मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी शवगृह में रखा गया है। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक को काबू कर लिया है। घटना स्थल पर पहुंची बस स्टैंड पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बुधवार रात नौ बजे रेलवे स्टेशन से पंजतीर्थी रूट पर जा रही मेटाडोर (जेकेे02बीजे7289) अचानक से एमएलए हास्टल मोड़ पर पलट गई। इस दौरान रास्ते से गुजर रहे लोगों ने अंदर फंसे लोगों की चीख पुकार सुनकर उनकी मदद को दौड़े। इस दौरान पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। तत्काल सभी गंभीर रूप से घायलों को जीएमसी इलाज के लिए लाया गया। जहां इलाज के दौरान सुनील कुमार (53) निवासी करण नगर की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी चालक नरेंद्र सिंह निवासी रिहाड़ी को काबू कर लिया है। जीएमसी पहुंचे घायलों में आकिब (25), राजीव गुप्ता (34), संजीव गुप्ता (51), सुनील शर्मा (35), अशोक कुमार (50), दीपक कुमार (20), शांति देवी (35), मन्नुु (26) और अमर पुरी (30) हैं। चोटिल सुनील कुमार ने बताया कि मेटाडोर चालक बस के आराम से ही लेकर जा रहा था। उस दौरान तकरीबन बीस लोग वाहन में सवार थे। अचानक से एमएलए हास्टल के पास तीखे मोड़ पर चालक से मेटाडोर अनियंत्रित हो गई और जाकर सड़क किनारे डिवाइडर से टकराकर पलट गई। फिलहाल पुलिस आरोपी वाहन चालक से पूछताछ कर रही है।