संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौडियां। खौड़ ब्लॉक की बीस पंचायतों के सरपंचों ने बुधवार को खौड़ में बैठक कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पंचायतों के विकास कार्यों में रोड़ा बन रही केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत पंगाली के सरपंच व भाजपा किसान सेल खौड़ के प्रधान पठान सिंह ने की। इस मौके पर सभी बीस पंचायतों के सरपंच उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत सरपंचों ने एसडीएम अनिल कुमार ठाकुर को समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
सरपंचों ने बताया कि सरकार की तरफ जो 14 -एफसी स्कीम का पैसा फ्रीज करने का फैसला लिया गया है। हम सरकार के उस फैसले के खिलाफ हैं, क्योंकि इससे पहले सरकार की तरफ से 14 एफसी के पैसे का उपयोग करने की तिथि 31 मार्च थी, लेकिन ऐसा क्या हो गया कि सरकार को बीच में इस स्कीम का पैसा फ्रीज करने की नोटिफिकेशन निकलनी पड़ी। क्योंकि न तो 31 मार्च आई है और न ही 31 दिसंबर है। पंचायतों के विकास के लिए आया पैसा जनवरी में ही फ्रीज कर दिया गया। सरपंचों ने बताया कि अगर हमारी पंचायतों में पैसा पड़ा रहा, तो वह जेई की कमी से पड़ा रहा, क्योंकि ब्लाॅक में जेई का पद खाली पड़ा है। अगर जेई नहीं होंगे तो ग्राउंड में कोई भी पैसा जेई के बिना नहीं लगेगा और जो काम हुए भी हैं, जेई की कमी के कारण जिसका अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। क्या वह पैसा हमें सरकार वापस देगी। इसलिए हमारी सरकार से अपील है कि पैसे को फ्रीज करने के फैसले की नोटिफिकेशन को सरकार वापस ले और पैसा फिर से जारी करे। ताकि पंचायतों का हम लोग विकास करा सकें।
इस मौके पर सरपंच गीता देवी, अवतार सिंह, शारदा देवी सहित सभी बीस पंचायतों के सरपंच उपस्थित रहे।