कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी और महबूबा मुफ्ती
- फोटो : PTI
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती मंच पर अपने साथ एक बड़ा हैंडबैग लाईं थीं, जिसमें तीन शालें थीं। चिनैनी-नाशरी टनल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में मंच पर कुर्सी पर बैठते ही उन्होंने बैग खोला।
पीडब्ल्यूडी मंत्री नईम अख्तर को बुलाकर एक शाल दिया और दूसरा उप मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह को देते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को शाल ओढ़ाने को कहा। प्रधानमंत्री के लिए सफेद रंग का शाल उन्होंने अपने पास ही रखा। जैसे ही सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने प्रधानमंत्री को बुके दिया, मुख्यमंत्री ने भी मोदी को शाल ओढ़ा दी। लेकिन उपमुख्यमंत्री और पीडब्ल्यूडी मंत्री अपनी सीटों पर ही बैठे रहे।
कार्यक्रम केंद्रीय मंत्रालय की ओर से तय थे, जिसमें इन मंत्रियों द्वारा शाल ओढ़ाने का जिक्र नहीं था। इसलिए मंच से इसका एलान नहीं हुआ। बाद में जब सभी अपनी सीटों पर थे तब उप मुख्यमंत्री ने अपनी सीट से उठकर शाल ओढ़ाई, लेकिन नईम अख्तर के पास शाल पड़ी ही रह गई। उपमुख्यमंत्री ने धन्यवाद ज्ञापन किया।