अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद हिरासत में लिए गए पीडीपी के दो नेताओं की नजरबंदी हटा ली गई है। अधिकारियों ने बताया कि पीडीपी के दो नेताओं अशरफ मीर एवं रफीक मीर के घरों के बाहर से पुलिस का पहरा शुक्रवार सुबह हटा लिया गया और अब दोनों नेता अपनी दैनिक गतिविधियों में हिस्सा ले सकते हैं।
अशरफ को पहले एमएलए हॉस्टल में रखा गया था और बाद में उन्हें उनके घर में एहतियातन नजरबंद किया गया था। सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिए गए कुछ और कश्मीरी नेताओं को जल्द रिहा किया जा सकता है। इस संबंध में प्रशासन विचार कर रहा है। गत 30 दिसंबर को एमएलए हॉस्टल से नेकां के इशफाक जब्बर व गुलाम नबी भट तथा पीडीपी के बशीर मीर, जहूर मीर और यासिर रेशी को रिहा किया गया था।
इससे पहले 25 नवंबर को दो नेताओ पीडीपी के दिलावर मीर और डेमोक्रेटिक पार्टी नेशनलिस्ट के गुलाम हसन मीर को रिहा किया था। नेकां नेता अली मोहम्मद सागर तथा उनके बेटे सलमान सागर को रिश्तेदार के जनाजे में शामिल होने की भी अनुमति दी गई थी। ज्ञात हो कि हॉस्टल में 34 नेता बंद थे। इनमें से सात को रिहा कर दिया गया है।