omar abdullah and mehbooba mufti
- फोटो : अमर उजाला
पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि केंद्र में गठबंधन की सरकारें एक पार्टी की बहुमत वाली सरकार से बेहतर परिणाम देती है। नेकां उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला की ओर से किसी एक पार्टी को स्पष्ट जनादेश देने की प्रदेश के लोगों से की गई अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए मंगलवार को उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार इसका सबूत है जिसने बेहतर काम किया है।
महबूबा ने ट्वीट किया कि राज्य में नेशनल कांफ्रें स को प्रचंड बहुत मिला था। विधानसभा में उसकी 60 सीटें थी। पार्टी ने पावर हाउस बेच दिए और इखवान, टास्क फोर्स और पोटा लेकर आई। इससे पहले भी जब नेकां के पास पूर्ण बहुमत था तब राज्य की शक्तियां केंद्र को सौंप दी थी। उन्होंने कहा कि राज्य में उनके पिता मुफ्ती मोहम्मद सईद के नेतृत्व में गठबंधन सरकार ने उपलब्धियों की नई ऊंचाइयों को छुआ। इस दौरान क्रास एलओसी रोड खोलना शामिल है।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के बाद के दौर में गठबंधन सरकारों ने एकल पार्टी के शासन की तुलना में बेहतर परिणाम दिए। ट्वीट किया नरसिंहा राव की अल्पमत की सरकार को याद करें जिसने देश को सबसे खराब आर्थिक संकट के दौर से निकाला और आर्थिक उदारीकरण की शुरूआत की।
सोमवार को जम्मू में एक समारोह में उमर ने कहा था कि गठबंधन के प्रयोग ने रियासत में अच्छी तरह से काम नहीं किया। इसलिए लोग एक ही पार्टी को बहुमत दें। हालांकि, महबूबा सरकार में वित्त मंत्री रहे अल्ताफ बुखारी ने राज्य में एक पार्टी के शासन की वापसी के लिए उमर के आह्वान का समर्थन किया। कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से मानते हैं कि गठबंधन की राजनीति के कारण कश्मीर को बहुत नुकसान हुआ है जो 2002 से शुरू हुआ था। आने वाले विधानसभा चुनावों के परिणाम का राज्य में स्थिरता और सर्वांगीण विकास पर बहुत असर पड़ेगा।