मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने युवाओं को सरकार की प्राथमिकता बताया है। कहा कि रियासत के युवाओं ने अपने बचपन के बेशकीमती लम्हें खोए हैं। सरकार उन लमहों को लौटा नहीं सकती,लेकिन, युवाओं को बेहतर मंच प्रदान करने की व्यवस्था जरूर कर सकती है।
मुख्यमंत्री भारत स्काउट्स एंड गाइड्स जम्मू-कश्मीर चैप्टर द्वारा आयोजित सम्मान समारोह और 27वीं सीनियर नेशनल टेनिस क्रिकेट चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में बोल रहीं थीं।मुख्यमंत्री ने कहा कि रियासत में युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सरकार खेल क्षेत्र में इस प्रतिभा को दुनिया तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है।
युवाओं का सही मार्गदर्शन और उनकी ऊर्जा को बेहतर ढंग से इस्तेमाल करने के लिए खेल के सिवा शायद ही दूसरी कोई थैरेपी हो। पिछले कुछ समय से राज्य में हालात ठीक नहीं रहने से हमारे बच्चे सामान्य गतिविधियों का हिस्सा नहीं बन पाए हैं, लेकिन, राज्य के नौजवानों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचकर रियासत का नाम रोशन किया है।