पीडीपी अध्यक्ष व पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को अलगाववादी नेता शाहिद उल इस्लाम की रिहाई के लिए केंद्रीय गृहमंत्री से फोन पर बात की है। फिलहाल इस्लाम एनआईए की हिरासत में है। महबूबा मुफ्ती ने इस्लाम को मानवीय आधार पर रिहा करने की मांग की। क्योंकि उसकी पत्नी का स्वास्थ्य ब्रेन हेमरेज की वजह से खराब हो गया है।
ट्वीटर पर एक व्यक्ति द्वारा अलगाववादी नेता की रिहाई की मांग उठाई गई। इसके जवाब में महबूबा मुफ्ती ने ट्वीटर पर लिखा कि मैंने आपकी इस चिंता के संबंध में गृहमंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर बातचीत की है। उनसे इस्लाम की पत्नी के स्वास्थ्य का हवाला देते हुए समय से पूर्व रिहाई की मांग की गई है।
वहीं, पीडीपी की युवा शाखा के प्रमुख वाहिद पर्रा ने कहा कि महबूबा मुफ्ती ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य के राजनीतिक कैदियों के साथ कथित कठोर व्यवहार किए जाने का मुद्दा उठाया। इसके साथ ही जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) मामले में कश्मीरी छात्रों के खिलाफ लगे आरोपों के विषय पर भी खास चर्चा की।