पंचायत तरेवा में सरपंच ने तहसीलदार को बताईं क्षेत्र की समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। तरेवा पंचायत में शनिवार को एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें सरपंच बलवीर कौर, तहसीलदार, बिजली, कृषि, पशुपालन, लोक निर्माण सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सरपंच ने तहसीलदार को सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के बारे में बताया। कहा कि राजस्व विभाग की ऑनलाइन कार्यप्रणाली के कारण क्षेत्र के बुजुर्ग किसानों को बहुत समस्या आ रही है। वे जमीन की नकल वगैरह के लिए परेशान हैं। प्रशासन अपनी ऑनलाइन कार्यप्रणाली को थोड़ा आसान करे।
सरपंच ने तहसीलदार इशिता राठी को बताया कि क्षेत्र के किसान स्मार्ट मीटर के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन उनकी मौजूदा आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। इसलिए, क्षेत्र के किसानों को थोड़ा और समय मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि पंचायत में पटवारखाने की जगह है। लेकिन, वह इतनी खस्ता है कि पटवारी का वहां बैठकर काम करना लगभग नामुमकिन है। उसकी मरम्मत के लिए कई अधिकारियों से गुहार लगाई है, मगर किसी ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया। इस कारण पंचायत के लोगों में रोष है। इसके अलावा तरेवा की नहर पर अतिक्रमण के कारण खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा। इसके चलते किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस नहर को अतिक्रमण मुक्त किया जाना चाहिए।
सरपंच ने बताया कि अरनिया ब्लॉक के लिए केंद्रीय विद्यालय की मांग पूरी होने के बावजूद राजस्व विभाग का सुस्त रवैया इस कार्य को गति देने की बजाय टाल रहा है। इसके कारण क्षेत्र के लोगों का गुस्सा कभी भी फूट सकता है। इसके साथ उपराज्यपाल ने कई बार अपने भाषण में सीमावर्ती लोगों को उनकी जमीनों का मालिकाना हक देने की बात कही है। फिर भी इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। क्षेत्र के लोग ठगा हुआ सा महसूस कर रहे हैं। उन्हें उनका हक मिलना चाहिए। तहसीलदार ने सभी समस्याओं को सुनकर उन्हें जल्द हल कराने का आश्वासन दिया।