- 16 कोर के जीओसी ले. जनरल नवीन सचदेवा ने जम्मू में उच्च स्तरीय बैठक कर सुरक्षा स्थिति जानी
- बैठक में एडीजीपी आनंद जैन और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी हुए शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। राजोरी, पुंछ और बसंतगढ़ में आतंकी हमलों में शामिल दहशतगर्दों का सफाया किया जाएगा। इसके लिए सुरक्षा एजेंसियां रणनीति के तहत काम कर रही हैं। यह बात बुधवार को जम्मू में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए बुलाई गई उच्च स्तरीय बैठक में 16 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा ने कही। बैठक में राजोरी-पुंछ में बढ़ती आतंकी वारदातों पर सेना और पुलिस के उच्च अधिकारियों ने गहन मंथन किया। राजोरी-पुंछ के अलावा उधमपुर के बसंतगढ़ में आतंकी हमले पर भी चर्चा की गई। विशेष तौर पर पुंछ में वायुसेना के काफिले पर हमले, थन्नमंडी में सरकारी कर्मी की हत्या को लेकर बातचीत की गई। बैठक में एडीजीपी जम्मू आनंद जैन के साथ खुफिया एजेंसियों के उच्च अधिकारी भी शामिल हुए।
बैठक में क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करने, आतंकवाद विरोधी अभियानों के समन्वय पर जोर दिया गया। बता दें कि चार मई को पुंछ के सुरनकोट में सनाई टॉप के पास वायुसेना के काफिले पर आतंकी हमला हुआ था। इसमें एक सैन्यकर्मी बलिदान हो गया। 22 अप्रैल को राजोरी के शाहदरा शरीफ के कुंडा टॉप गांव में सरकारी कर्मचारी मोहम्मद रजाक की आतंकियों ने हत्या कर दी। उधमपुर के बसंतगढ़ में 28 अप्रैल को वीडीजी मोहम्मद शरीफ की भी आतंकियों ने हत्या कर दी। दहशतगर्दों की तलाश में सुरक्षा बल राजोरी, पुंछ, उधमपुर, कठुआ के साथ रियासी जिले सहित आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चला रहे हैं।