घगवाल। राजपुरा के सीमावर्ती गांव चचबाल में मंगलवार को पुलिस-पब्लिक दरबार लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया। ग्रामीणों को जागरूक किया गया कि यदि कोई संदिग्ध वस्तु दिखे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
डीडीसी सदस्य आशा रानी ने बताया कि चचबाल के युवक सुखदेव सिंह ने पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ के लिए निकाली गई सुरंग की समय पर सुरक्षा बलों को जानकारी दी। स्थानीय निवासी जनकार सिंह को पाकिस्तान की गोली लगी थी, उस समय पुलिस ने आश्वासन दिया था कि इनको एसपीओ लगाया जाएगा, लेकिन उन्हें आज तक नहीं लगाया गया। सीमावर्ती क्षेत्र के लोग पाकिस्तान की गोलियां खाते हैं, सुरक्षा एजेंसियों को सूचनाएं मुहैया कराते हैं, लेकिन उन्हें कोई सरकारी नौकरी नहीं दी जाती। दरबार में आए पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि आपकी समस्याओं को उच्चाधिकारियों के समक्ष रखकर हल किया जाएगा।
डीएसपी हेडक्वार्टर उस्मान चौधरी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा को लेकर काफी सतर्कता बरत रही है। पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है। आसमान में ड्रोन जैसी चीज या आसपास भी किसी भी तरह की कोई संदिग्धता दिखाई देती तो तत्काल ही सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया जाए। वहीं सीमावर्ती क्षेत्र में ड्रोन पर नजर रखने के बारे में भी जागरूक किया गया।
बैठक में चौकी प्रभारी राजपुरा राकेश सिंह, रछपाल वर्मा, सरपंच वीना देवी, नायब सरपंच रंजीत सिंह और पंच सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।