पुलिस पब्लिक मीट के दोरान स्थानीय लोग विचार रखते हुए व मौजूद ग्रामीण
मीरां साहिब। गांव कृष्णा नगर में मंगलवार को पुलिस पब्लिक मीट आयोजित हुई। इसमें एसपी हेडक्वार्टर रमनीष गुप्ता मुख्य अतिथि और एसडीपीओ शब्बीर अहमद खान व एजाज मिर्जा विशेष अतिथि रहे। मीट के दौरान समाज में नशीले पदार्थ की हो रही बढ़ोतरी के चलते युवा वर्ग के जान गंवाने पर चिंता व्यक्त की गई। कहा गया कि इस असामाजिक बुराई को दूर करने के लिए पुलिस को कारगर कदम उठाने चाहिए।
एसपी हेडक्वार्टर रमनीष गुप्ता ने कहा कि नशाखोरी को तब तक दूर नहीं किया जा सकता, जब तक लोग पुलिस को सहयोग नहीं करते। पुलिस अपनी ओर से कार्य कर रही है। लोगों को भी चाहिए कि वह क्षेत्र में नशीले पदार्थ का धंधा करने वालों के बारे में जानकारी दें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्व के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। क्षेत्र के लोगों को बिजली पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं में अगर कोई परेशानी आती है तो वह इसके बारे में पुलिस द्वारा जारी किए गए मोबाइल नंबर पर जानकारी मुहैया कराएं, ताकि पुलिस इसका समाधान कर सके। इस दौरान थाना प्रभारी सुलतान मिर्जा, आईटीबीपी के सेवानिवृत्त कमांडेंट मदन लाल डोगरा, सेवानिवृत्त हेडमास्टर प्रमोद कुमार, समाज सेवक कुंदन लाल शर्मा, मानव अधिकार हनन कार्यकर्ताओं ओम प्रकाश खजूरिया, जितेंद्र भगत, चंद्र प्रकाश मोनू, दीपक शर्मा, पंच पीपी सिंह कई पंचायतों के पंच सरपंच सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद थे।