ज्यौड़ियां। छंब और अखनूर के बेरोजगार युवाओं की मंगलवार को अखनूर के रजवाल में एक बैठक हुई। इसमें क्षेत्र के सैकड़ों बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया। बैठक में युवाओं ने मांग की कि सेना में भर्ती के लिए आयु सीमा में छूट दी जाए। बैठक में पंचायत रजवाल निवासी सेवानिवृत्त मुननू राम मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में युवाओं ने कहा कि कोरोना के चलते कई बेरोजगार युवाओं की नौकरी की आयु सीमा निकल रही है। कई की निकल चुकी है, लेकिन सरकार का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। बैठक में सेवानिवृत्त कैप्टन मदन लाल ने बताया कि उनके दो बेरोजगार बेटे सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन कोरोना के दौरान लॉकडाउन में भर्ती नहीं हो पाई। मेरे एक बेटे की भर्ती होने की आयु सीमा निकल गई है। इसलिए मेरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील है कि ऐसे कई बेरोजगार युवाओं के साथ भी ऐसा हुआ होगा। इसलिए भर्ती की आयु सीमा बढ़ाने के लिए कोई कदम उठाया जाए ताकि युवाओं को एक मौका मिल सके। बैठक में अमन शर्मा, नितेश कुमार, जगन सिंह तथा बलवान चंद उपस्थित रहे। संवाद