रियासी। महाशिवरात्रि के अवसर पर 20 फरवरी से तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को आधार शिविर रनसू से प्राकृतिक गुफा तक सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बुधवार को एडीसी राजिंदर शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेले की तैयारियों पर चर्चा की गई। इस मौके पर कहा गया कि बड़े यात्री वाहनों पर बस अड्डे से आगे जाने पर रोक रहेगी। बाजारों में किसी भी वाहन को खड़ा करने की इजाजत नही मिलेगी। अनुमति लेने वाली संस्थाओं को ही लंगर लगाने को कहा जाएगा। आधार शिविर रनसू से गुफा तक जाने वाले रास्ते में लंगर लगाए जाएंगे। मेले की शुरुआत में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, इसमें स्थानीय व राज्य के अन्य हिस्सों से आए हुए कलाकार अपनी अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही शोभा यात्रा को भी निकाला जाएगा, जिसमें विभिन्न झांकियां शामिल होंगी। बैठक में पुलिस स्वास्थ्य विभाग बिजली, पीएचई, ट्रैफिक व अन्य को जरूरी निर्देश जारी किए गए। इस मौके पर डीएसपी वसीम हमदानी, एआरटीओ रमेश समोत्रा, तहसीलदार पौनी लेखराज व टूरिज्म के असिस्टेंट डायरेक्टर भी मौजूद रहे। मेले का आयोजन टूरिज्म विभाग जिला प्रशासन व श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड रनसू की तरफ से मिल कर कराया जाएगा। संवाद