जम्मू। शहर में सफाई व्यवस्था को यकीनी बनाने के लिए नगर निगम नए फार्मूला पर काम करेगा। इसमें एक वार्ड को दो भाग ए और बी में बांटा गया है। अब एक वार्ड में दो वार्ड के बराबर का बुनियादी ढांचा होगा, जिससे सफाई व्यवस्था को और बेहतर किया जाएगा। पहले फेज में शहर के आठ वार्डों को लिया गया है, जिसमें 55, 3, 64, 66, 67, 68 व 71 को शामिल किया है। यह फैसला नगर निगम की हेल्थ एंड सैनिटेशन कमेटी ने लिया है।
हेल्थ एंड सैनिटेशन कमेटी की बैठक वीरवार को छह महीने बाद हुई, जिसकी अध्यक्षता कमेटी के चेयरमैन बलदेव सिंह बलोरिया ने की। उन्होंने कहा कि पहली बार इस तरह का प्रयास किया है जिससे सफाई व्यवस्था में सुधार होगा। उन्होंने कहा इन वार्डों में हाल में ही में 15-15 सफाई कर्मचारी भी तैनात किए हैं। अब इन वार्डों में दो सुपरवाइजर तैनात किए जाएंगे, ताकि वार्ड की सफाई व्यवस्था पुख्ता की जा सके। दूसरे चरण में नए बने चार वार्डों पर भी यह व्यवस्था शुरू की जाएगी। इससे वार्डों में सफाई संबंधी समस्या का समाधान होगा। बैठक में समिति सदस्यों पार्षद राज कुमार, नरेंद्र सिंह, शमा अख्तर आदि मौजूद रहे।
--------------
शहर को डस्टबिन मुक्त किया जाएगा।
बैठक में शहर में चरणबद्ध तरीके से सभी वार्डों को डस्टबिन मुक्त करने का निर्णय किया गया। इसके लिए 10-10 वार्डों से डोर-टू-डोर कचरा उठाने की प्रक्रिया शुरू होगी। कमेटी ने शहर में स्थापित डेयरियों को भी हिदायत दी है कि वह अपने कचरे को स्वयं साफ करें और गलियों नालियों में न डालें। जिन वार्डों से जीआर बुक पर राजस्व की कमी या राजस्व नहीं आएगा तो सुुपरवाइजर पर कार्रवाई की जाएगी। कमेटी ने निगम के सभी स्थायी कर्मचारियों को 100 घरों से सैनिटेशन चार्ज वसूल कर निगम के खाते में जमा करवाने को कहा।
-------------
सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी
सफाई कर्मचारियों के 600 पद रिक्त हैं। इन पदों पर भर्ती को लेकर कमेटी ने सहमति जताई है और अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सामाजिक दूरी के नियमों की पालना करते हुए सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया को शुरू किया जाए।
विपक्षी पार्षद बोले- सफाई कर्मचारियों की कमी दूर हो, लगातार बैठक हो
जम्मू। जम्मू शहर की स्वच्छता रैंकिंग में चाहे पिछले वर्ष की तुलना में 105 अंक का सुधार हुआ है लेकिन जम्मू नगर निगम में विपक्षी दल के नेता द्वारिका चौधरी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता मामले में जम्मू शहर की रैंकिंग में कोई बड़ा सुधार नहीं हो रहा है। हमारे पास सफाई कर्मचारी कम हैं, जिस तरह काम होना चाहिए वह नहीं हो पा रहा है। शहर की स्वच्छता के मामले में सभी दलों के पाषर्दों को एकजुट होना होगा। निगम में फरवरी से कोई बैठक नहीं हुई, जिसका नतीजा है कि हम स्वच्छता को लेकर अपनी राय नहीं रख पा रहे हैं। सफाई कर्मियों की कमी और स्वच्छता को लेकर बैठक न होने को रैकिंग में पिछड़ने का कारण बताया है।
कहां है सुधार की जरूरत
निगम में सफाई कर्मचारियों की कमी है, भर्ती प्रक्रिया शुरू करनी होगी
डंपिंग यार्ड से कचरे का निस्तारण करना होगा
शहर के विभिन्न बाजारों और गलियों में लगे कूड़ेदान हालत में सुधार हो
सफाई में अधिक से अधिक मशीनरी का उपयोग करना होगा।
लोगों को जागरूक करना होगा