एसएसपी यातायात ग्रामीण जम्मू ने किया सांबा का दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। एसएसपी यातायात पुलिस ग्रामीण जम्मू ने सांबा का दौरा कर यातायात अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की।जनवरी 2023 को यातायात पुलिस ग्रामीण जम्मू का कार्यभार संभालने के बाद रंजीत सिंह ने संबंधित यातायात अधिकारियों के साथ पहली बार बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य यातायात प्रबंधन प्रणाली में उच्चस्तर की पारदर्शिता सुनिश्चित करना और क्षेत्र में ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाना था।
अधिकारी ने विशेष रूप से चालान करने वाले अधिकारियों पर बल दिया कि नए संशोधित मोटर वाहन अधिनियम 20 के प्रावधान के अनुसार उल्लंघन करने वालों पर सख्ती की जाए। उन्होंने चालान करने वाले अधिकारी को कैमरे पहनने और अन्य सावधानियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ओवरलोडिंग, बिना सीट बेल्ट के गाड़ी चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने यातायात नियमों के बारे में जागरूक करने के लिए एक अभियान चलाने को कहा। यातायात नियमों को लेकर शिक्षित करने के लिए वाहन संचालकों के साथ अन्य गैर सरकारी संगठनों, एनएसएस/एनसीसी स्वयंसेवकों का भी जागरूक किया जाए। आम जनता को इस प्रक्रिया में भाग लेना होगा, और वाहनों की परेशानी मुक्त आवाजाही के लिए उत्तरदायित्व लेना होगा। युवाओं के अभिभावकों और बच्चों से अनुरोध किया कि वे दोपहिया सवारी करते समय हेलमेट पहनना सुनिश्चित करें।