जम्मू। राष्ट्रीय मजदूर सम्मेलन (एनएमसी) के अध्यक्ष सुभाष शास्त्री ने प्रधानमंत्री से 8वां वेतन आयोग गठित, पुरानी पेंशन योजना बहाल और 18 महीने का डीए जारी करने का आग्रह किया। सोमवार को कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए शास्त्री ने कहा कि सातवें वेतन आयोग को छोड़कर पहले के सभी आयोग का गठन हर दशक के तीसरे वर्ष में किया जाता था। आठवें वेतन आयोग के गठन के लिए अधिसूचना समय की मांग है, जिसका केंद्र और राज्य सरकार के ज्यादातर कर्मचारियों और पेंशनभोगियों पर असर पड़ना तय है। डीए का 40 प्रतिशत तुरंत मूल वेतन और पेंशन में विलय करना चाहिए। कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के पक्ष में 20 प्रतिशत अंतरिम राहत दी जाए।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, कर्नाटक जैसे कई राज्यों ने एनपीसी कर्मचारियों के पक्ष में पुरानी पेंशन योजना बहाल कर दी है। उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार सकारात्मक कदम उठाएगी। प्रधानमंत्री से जुलाई से मानदेय 4 फीसदी डीए के साथ 18 महीने का बकाया जारी करने की मांग की। शास्त्री ने मार्च में सात साल की सेवा पूरी करने वाले दैनिक वेतनभोगियों को नियमित करने पर भी जोर दिया। यहां राजन बाबू खजूरिया, बीएस जम्वाल, सुरिंदर कुमार, विनोद कुमार, रमेश शर्मा, गारा राम, सूरज प्रकाश, दर्शन बाबा, मदन लाल भगत, सुखदेव सिंह, मुश्ताक अहमद, लाल सिंह, जेपी शर्मा, बनारसी दास मौजूद रहे।