जम्मू। जिला स्तरीय समीक्षा समिति की वीरवार को बैठक हुई। इसमें एडीसी रमेश चंद्र ने बैंकों के काम की समीक्षा करते हुए कहा कि आवंटित लक्ष्यों को प्राप्त करने और उपलब्धियों को बढ़ाने के लिए बैंकों और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाया जाए। उन्होंने हितधारकों को स्पष्ट टिप्पणियों व असफल लक्ष्यों, उपलब्धियों के कारणों की पिछली बैठक की कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया। जम्मू जिले में सीडी अनुपात का प्रतिशत 35.68 फीसदी है, जो तिमाही दर तिमाही आधार पर ऋण वृद्धि के आधार पर मार्च 2022 को समाप्त तिमाही की तुलना में 1.46 प्रतिशत अधिक है। प्राथमिकता क्षेत्र के तहत जून 2022 की तिमाही के अंत तक 1179.65 करोड़ रुपये और गैर-प्राथमिकता क्षेत्र के तहत 1230.83 करोड़ रुपये की राशि का वितरण किया गया।
जिले में दूध और दुग्ध उत्पाद
बढ़ाने पर काम करें अफसर
जम्मू। डीसी अवनी लवासा ने वीरवार को एक जिला, एक उत्पाद योजना को लेकर अधिकारियों से बैठकें की। इनमें सड़कों की मरम्मत को लेकर भी बातचीत की गई। डीसी ने कहा कि जिला जम्मू में डेयरी उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। अधिकारियों को जिले में दूध और दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा। योजना के बारे में कर्मचारियों को जागरूक करने और जागरूकता पैदा करने के लिए भी कहा। दूध उत्पादन में स्टार्टअप को आजीविका के माध्यम के रूप में स्थापित करने के इच्छुक उम्मीदवारों को मवेशियों की खरीद से लेकर बाजार में बिक्री तक की सुविधा प्रदान करने के लिए कहा। सड़कों की हालत में सुधार के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को काम करने के लिए कहा।