ज्यौड़ियां। पलांवाला-ज्यौड़ियां मुख्य रोड की खस्ताहाल को लेकर एसडीएम कार्यालय बुलाए गए डोगरा सदर सभा के सदस्यों को निराश होकर लौटना पड़ा। सभी के सदस्यों ने रोड की समस्या को लेकर ग्रेफ विभाग के अधिकारियों से बैठक करनी थी लेकिन कोई जरूरी काम आ जाने के चलते अधिकारी पहुंच नहीं पाए। इससे सभा के सदस्य काफी निराश हुए। उन्होंने ग्रेफ विभाग के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
बता दें, पिछले हफ्ते डोगरा सदर सभा खौड़ का एक प्रतिनिधिमंडल सभा के प्रधान सुखदेव सिंह भाऊ की अगुवाई में एसडीएम खौड़ अनिल कुमार ठाकुर से मिला था। उन्होंने पलांवाला से लेकर ज्यौड़ियां तक के मुख्य रोड की खस्ताहालत सुधारने तथा किसानों की धान तथा गेहूं की बर्बाद फसल का 100 प्रतिशत मुआवजा दिलाने की मांग की थी। एसडीएम ने डोगरा सदर सभा खौड़ की समस्या सुनने के बाद आश्वासन दिया था कि सड़क की समस्या को लेकर सभा की ग्रेफ विभाग के अधिकारियों को कार्यालय में बुला कर बात करवा देंगे। मंगलवार को एसडीएम ने डोगरा सदर सभा खौड़ के लोगों को फोन कर कहा कि ग्रेफ विभाग के अधिकारी आ रहे हैं, आप भी बात करने के लिए कार्यालय आ जाएं। इस पर डोगरा सदर सभा के लोग प्रधान सुखदेव सिंह भाऊ के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे लेकिन ग्रेफ विभाग के अधिकारी जरूरी काम आ जाने के कारण नही पहुंच सके। जिसको लेकर कोई भी बात नहीं हो सकी। वहीं इस मामले को लेकर डोगरा सदर सभा खौड़ के पदाधिकारी सुखदेव सिंह, कुलवंत सिंह आदि ने बताया कि वह ग्रेफ विभाग के खिलाफ इसी माह ज़ोरदार प्रदर्शन करेंगे ताकि वह नींद से जागें।
कोट
आज ग्रेफ विभाग तथा डोगरा सदर सभा खौड़ के लोगों को बुलाया था लेकिन ग्रेफ विभाग का कोई भी अधिकारी बैठक में नही पहुंचा। सभा के लोगों की दोनों समस्याएं नोट कर उच्च अधिकारियों को भेज दी हैं।
अनिल कुमार ठाकुर एसडीएम