पहाड़ी क्षेत्र में स्थित जीएमसी (राजकीय मेडिकल कॉलेज) डोडा में इसी सत्र से एमबीबीएस का पहला बैच शुरू किया जाएगा। इसके लिए जम्मू विश्वविद्यालय ने जीएमसी डोडा को 100 एमबीबीएस सीटों के लिए मान्यता दी है। इसके साथ पैरा मेडिकल कोर्सों के लिए 60 सीटों की भी मान्यता दी गई है।
यह भी पढ़ें- Exclusive: घाटी में दबाव के बाद आतंकियों ने बदली हमले की रणनीति
इसमें मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी, डायलिसिस टेक्नोलॉजी और ऑपरेशन थियेटर टेक्नोलॉजी की 20 सीटें शामिल हैं। एमबीबीएस बैच शुरू होने से डोडा में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ चिकित्सा देखभाल क्षेत्र मजबूत होगा। पहले बैच को जिला अस्पताल के ढांचे में शुरू किया जाएगा। इसके साथ जम्मू संभाग में 100 एमबीबीएस सीटों का इजाफा हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- लश्कर कमांडर नसीरुद्दीन के खात्मे के साथ छह जवानों की शहादत का बदला पूरा, पढ़िए लोन का हैदर कनेक्शन
दिसंबर 2019 में मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम ने जीएमसी डोडा का दौरा कर कॉलेज प्रबंधन को पहले एमबीबीएस बैच के लिए जरूरी ढांचे और अन्य निर्माण कार्यों को पूरा करने को कहा था। इसके लिए मई 2020 तक समय तय किया गया था। लेकिन कॉलेज प्रबंधन की ओर से मार्च 2020 में ही जरूरी निर्माण कार्यों को मुकम्मल कर लिया गया। 300 बेड वाले जिला अस्पताल डोडा का विस्तार करके 200 अतिरिक्त बेड स्थापित किए जा रहे हैं। जिसमें सीटी स्कैन, एमआरआई सहित आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को स्थापित किया जा रहा है।
कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. तारिक आजाद ने बताया कि पहले एमबीबीएस बैच को मेक शिफ्ट पर जिला अस्पताल डोडा के भवन में शुरू किया जाएगा। डोडा अस्पताल से छह किलोमीटर दूर गठ में मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है। जिसमें 76 फीसदी तक काम को पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि एमसीआई टीम के ऑनलाइन निरीक्षण करने की उम्मीद है, जिसके लिए सभी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। इसके लिए रिहर्सल भी की गई है। एमबीबीएस बैच के साथ पैरा मेडिकल डिग्री कोर्सों के शुरू होने से स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।