रियासत में मौसम बिगड़ने के फिलहाल आसार नहीं है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार तीन जनवरी 2016 तक रियासत में मौसम साफ रहेगा। वहीं, दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान में जम्मू संभाग में उछाल आया है।
हालांकि कश्मीर और लद्दाख में कई स्थानों पर अभी भी न्यूनतम तापमान माइनस में चलने से जबरदस्त शीतलहर चल रही है।
रियासत की शीतकालीन राजधानी जम्मू में सोमवार को अधिकतम तापमान रविवार के 21.5 डिग्री सेल्सियस से उछलकर 22.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में दिन का पारा 19.9 और न्यूनतम तापमान 9.8 रहा। रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दिन का अधिकतम तापमान रविवार के 8.4 से उछलकर सोमवार को 11.8 रहा।
हालांकि यहां न्यूनतम तापमान माइस 2.7 रहने से ठंड का प्रकोप जारी है। लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 12.0 और कारगिल में माइनस 11.0 रहने से कड़ाके की ठंड से जन जीवन पर असर पड़ा है।