अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रचंड गर्मी को देखते हुए गर्मियों की छुट्टियों के लिए शहर के अधिकांश बाजार वीरवार से बंद हो गए जो अब सोमवार को खुलेंगे। एक साथ सैकड़ों प्रतिष्ठानों के बंद होने से बिजली लोड में भी कटौती हुई है। इसके साथ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम हुई है। छुट्टियों के चलते हजारों लोगों ने पर्यटन स्थलों का रुख किया है, जिससे अधिकांश पर्यटन स्थल पैक हैं।
शहर के लिंक रोड, पुरानी मंडी, राज तिलक रोड, वेयर हाउस, जैन बाजार, पीर मिट्ठा आदि बाजार गर्मियों की छुट्टियों के चलते बंद हुए हैं। हालांकि इन बाजारों में जरूरी खाद्य पदार्थों के प्रतिष्ठान खुले हुए हैं लेकिन अन्य सामग्री की खरीदारी के लिए अब लोगों को सोमवार तक इंतजार करना पड़ेगा।