आरएस पुरा। सीमावर्ती गांव शामका में बिजली का तार जोड़ते समय करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। उसकी पहचान गांव शामका निवासी युवक प्रदीप सिंह पुत्र नारायण दास के रूप में हुई। वह सोमवार शाम को छत पर बिजली की तार बदल रहा था। इस बीच एक तार नीचे गिर गई, जो उसके पैर पर जा गीरी, जिससे युवक प्रदीप सिंह को करंट लग गया। जब परिजन उसे डॉक्टर के यहां ले जाने का इंतजाम करने लगे तो तब तक उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद गांव में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि युवक ने अभी कुछ दिन पूर्व ही बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा पास की है। दो भाइयों में प्रदीप छोटा था और अभी उसने 11वीं कक्षा में दाखिला लिया। परिजनों को बेटे की मौत पर यकीन नहीं हो रहा है। उनका रो-रो कर बुरा हाल है। सरपंच बलकार सिंह नागरा ने बताया कि मृतक युवक पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी अच्छा था। अचानक मौत के बाद गांव में हर कोई दुखी है।